अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरा लखनऊ का कान्हा उपवन
तीन वर्षों के लिए मिला ISO, 9001:2015 प्रमाण पत्र

लखनऊ, 21 मार्च।
लखनऊ नगर निगम के कान्हा उपवन गौशाला को हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय मानक संगठन (ISO) द्वारा ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र मिला है। यह प्रमाण पत्र गौशाला की व्यवस्थाओं और कामकाजी प्रक्रियाओं के कड़े निरीक्षण के बाद दिया गया है। इसके लिए नगर निगम ने फरवरी में ही आवेदन किया था। कान्हा उपवन गौशाला को यह प्रमाण पत्र गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन प्रणाली के तहत मिला है। यह प्रमाण पत्र मिलने के साथ ही गौशाला लखनऊ नगर निगम की पहली गौशाला बन गई है।
नगर निगम के मुताबिक वर्तमान में यहां लगभग 10,000 या उससे अधिक गोवंश का संरक्षण, भरण-पोषण, चिकित्सा और देखभाल की जा रही है। कान्हा उपवन की स्थापना 2012 में तत्कालीन मेयर और वर्तमान राज्यसभा सांसद डॉ.दिनेश शर्मा की प्रेरणा से की गई थी। जो गोवंशों के प्रति अपनी असीम स्नेह भावना के कारण निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और भरण-पोषण के लिए समर्पित थे। नगर निगम लखनऊ ने इस गौशाला को निरंतर विस्तारित और सौंदर्यकरण किया है।
तीन वर्षों तक रहेगी प्रमाणपत्र की वैधता
प्रदेश सरकार और नगर निगम द्वारा निराश्रित गोवंशों के लिए किए जा रहे प्रयासों के कारण कान्हा उपवन ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस प्रमाण पत्र की वैधता तीन वर्षों तक रहेगी। कान्हा उपवन में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गौशालाओं के लिए जारी सभी नियमों और आदेशों का पालन किया जाता है। इस उपलब्धि को प्राप्त करने में माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल और संवेदनशील नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, और पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा की दिशा-निर्देशों के साथ-साथ समर्पित प्रयासों का भी बड़ा योगदान रहा है।
कान्हा उपवन गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने में निरंतर प्रयास जारी
कान्हा उपवन गौशाला आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। यहां उत्पादित गोबर का उपयोग बायो-सीएनजी उत्पादन में किया जाता है, वहीं गौशाला से प्राप्त दूध को कर्मचारियों के बच्चों में वितरित करने के बाद बाकी दूध को बेचकर प्रति माह नगर निगम को औसतन 3 लाख रुपये की आमदनी हो रही है। इसके अलावा, गौशाला के बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था भी की जा रही है। कान्हा उपवन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, उच्च न्यायाधीश और कई अन्य उच्च अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है। जिन्होंने यहां किए गए प्रयासों की सराहना की है।
मेयर और नगर आयुक्त ने दी बधाई
महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने कान्हा उपवन के सभी गौपालकों और अधिकारियों को इस सफलता के लिए बधाई दी है। यह प्रमाण पत्र गौशाला के उत्पादों और प्रबंधन में आम जनता का विश्वास बढ़ाएगा और यह प्रमाणित करता है कि नगर निगम लखनऊ निराश्रित गोवंशों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन और सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।