लखनऊ स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के निर्माणाधीन भवन का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण
GM ने की परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा

लखनऊ ,13 फरवरी।
लखनऊ रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन का उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने शुक्रवार को विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और कार्य की समयबद्धता की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरे किए जाएं और यात्री सुविधाओं से जुड़े हर पहलू पर विशेष ध्यान रखा जाए।

420.7 करोड़ रुपये से विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से किया जा रहा है सुसज्जित
उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि महाप्रबंधक एके वर्मा ने लखनऊ पहुंचकर चारबाग स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लखनऊ स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत स्टेशन को आधुनिक वास्तुशिल्प, उन्नत आधारभूत संरचना और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की स्वीकृत लागत 420.7 करोड़ रुपये है और इसके अंतर्गत नए स्टेशन भवन का निर्माण तेजी से प्रगति पर है। परियोजना की संभावित पूर्णता तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

निर्माण कार्य चरणबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो-GM एके वर्मा
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि महाप्रबंधक ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य चरणबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो, ताकि भविष्य में यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए परियोजना की गति बनाए रखने पर भी जोर दिया।

अधिकारियों ने महाप्रबंधक को दी निर्माण की प्रगति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी
निरीक्षण के दौरान लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा, मुरादाबाद की मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद, चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर लखनऊ (रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी) पावस यादव सहित लखनऊ मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महाप्रबंधक को निर्माण की प्रगति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी।



