रेलवे में खानपान व्यवस्था सुधारने को IRCTC और जीआरपी में बनी सहमति
अनधिकृत वेंडर्स पर होगी संयुक्त कार्रवाई

लखनऊ, 19 फरवरी।
लखनऊ में IRCTC और जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच रेलवे में खानपान सेवाओं को सुचारु और सुरक्षित बनाने को लेकर अहम बैठक हुई। इस दौरान अनधिकृत वेंडर्स पर रोक, यात्रियों को बेहतर सेवा और कैटरिंग स्टाफ की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों विभागों ने समस्याग्रस्त रूटों पर संयुक्त अभियान चलाने पर सहमति जताई है। बैठक के दौरान जीआरपी लखनऊ जोन के आईजी आर. के. भारद्वाज भी उपस्थित रहे।
लखनऊ में IRCTC के चीफ रीजनल मैनेजर अजीत कुमार सिन्हा और उत्तर प्रदेश के एडिशनल डायरेक्टर जनरल जीआरपी डी. प्रकाश के बीच रेलवे में खानपान सेवाओं के बेहतर प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रेनों में यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के लिए जीआरपी के सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों को बताया गया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से करीब 150 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू होती हैं और लगभग 300 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें प्रदेश से होकर गुजरती हैं। इनमें से प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी की एस्कॉर्ट सुविधा भी उपलब्ध रहती है।
IRCTC के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि कई बार खानपान सेवा देने वाली टीम को भारी भीड़, डिब्बों में सामान रखने की जगह की कमी, यात्रियों की अधिक मांग और कुछ क्षेत्रों में अनधिकृत वेंडर्स द्वारा निम्न गुणवत्ता का भोजन बेचने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इससे सेवा प्रदाताओं को सुचारु रूप से काम करने में दिक्कत होती है। इसी को देखते हुए जीआरपी से सहयोग की अपेक्षा जताई गई है।


बैठक में यह भी बताया गया कि कैटरिंग सर्विस के लाइसेंसी स्टाफ के लिए विशेष वर्दी तय की गई है, जिस पर उनका नाम और मोबाइल नंबर अंकित होता है। इसके साथ ही सभी अधिकृत वेंडर्स को स्पेशल क्यूआर कोड वाले आईडी कार्ड भी दिए गए हैं, ताकि यात्रियों और जीआरपी स्टाफ को सही वेंडर्स की पहचान करने में आसानी हो सके।
IRCTC के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रयाग-फूलपुर, प्रयागराज-वाराणसी, बनारस-भदोही, वाराणसी-रायबरेली, झांसी-उरई-कानपुर, झांसी-ललितपुर, इटावा-टुंडला, देवरिया-भटनी-छपरा, खलीलाबाद-गोंडा-बाराबंकी, हरदोई-शाहजहांपुर-बरेली जैसे कई रेलवे सेक्शनों में अनधिकृत वेंडर्स की समस्या अधिक है।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि जहां-जहां समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां रेलवे, IRCTC और जीआरपी मिलकर संयुक्त अभियान चलाएंगे, ताकि अवैध वेंडर्स पर कार्रवाई हो और यात्रियों को बेहतर व सुरक्षित खानपान सेवा मिल सके।



