उत्तर रेलवे के जीएम आर. के. पांडे ने लखनऊ स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
DRM कार्यालय की कंट्रोल बिल्डिंग का लिया जायजा

लखनऊ, 24 फरवरी।
उत्तर रेलवे के जीएम आर. के. पांडे का आज लखनऊ पहुंचे। महाप्रबंधक ने लखनऊ रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (सेकेंड एंट्री) पर निर्माणाधीन भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं की उपलब्धता तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक अधोसंरचना उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा एवं चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर पावस यादव ने उनका स्वागत किया।

DRM कार्यालय की कंट्रोल बिल्डिंग का लिया जायजा
सेकेंड एंट्री के निरीक्षण के उपरांत जीएम आरके पाण्डे ने मंडल कार्यालय स्थित कंट्रोल बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिचालन व्यवस्था, मॉनिटरिंग प्रणाली एवं सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुचारु एवं सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यूनियन पदाधिकारियों से भी की मुलाकात
जीएम आरके पाण्डे ने यूनियन के पदाधिकारियों से भी भेंट की। तत्पश्चात उन्होंने मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों, संरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं परिचालन प्रदर्शन की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।



