मैलानी जंक्शन पर स्टेशन महोत्सव का भव्य आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
141 साल पुरानी विरासत को समर्पित रहा आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 वरिष्ठ कर्मचारी सम्मानित

लखनऊ, 10 सितम्बर 2026
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर भारतीय रेल के चयनित स्टेशनों पर ‘स्टेशन महोत्सव’ आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल स्थित मैलानी जंक्शन स्टेशन पर भव्य स्टेशन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरिज एंड वैगन) समन्वय श्री निलेश सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, यात्री और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

बच्चों और कलाकारों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
महोत्सव को भारतीय रेल की धरोहर मैलानी-नानपारा मीटरगेज लाइन को समर्पित किया गया। स्टेशन परिसर में स्काउट एवं गाइड के बच्चों और मंडल के कलाकारों ने संस्कृति, देशभक्ति और सामाजिक एकता पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान मंडल की संरक्षा टीम ने जागरूकता के लिए ‘संरक्षा’ विषय पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 कर्मचारी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मैलानी जंक्शन पर विभिन्न विभागों में कार्यरत 12 वरिष्ठ कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। रेलवे अधिकारियों ने कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। आयोजन के माध्यम से रेलवे की विरासत के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, स्वच्छता और सुरक्षित यात्रा का संदेश भी दिया गया।

141 साल पुराना है मैलानी जंक्शन
मैलानी जंक्शन की स्थापना वर्ष 1885 में हुई थी। 141 वर्षों की यात्रा में यह स्टेशन तराई क्षेत्र के विकास और लोगों की आवाजाही का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। औपनिवेशिक दौर में इसका इस्तेमाल तराई के वन क्षेत्रों से लकड़ी और स्थानीय संसाधनों के परिवहन के लिए किया जाता था। बाद में यह आम लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण रेल केंद्र बन गया। मीटरगेज नेटवर्क के दौर में मैलानी ने लखनऊ, पीलीभीत, बरेली और लखीमपुर जैसे क्षेत्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भाप के इंजनों से लेकर डीजल इंजनों तक इस स्टेशन ने रेलवे के कई दौर देखे हैं।

आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यटन का भी प्रमुख गेटवे
मैलानी जंक्शन अब आधुनिकीकरण के दौर से गुजर चुका है। मीटरगेज की जगह ब्रॉडगेज कनेक्टिविटी, इलेक्ट्रिक ट्रेन रूट, बेहतर वेटिंग हॉल, आधुनिक प्लेटफॉर्म, वाई-फाई, डिजिटल डिस्प्ले और सुगम पहुंच मार्ग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अत्याधुनिक सिग्नलिंग और CCTV निगरानी से सुरक्षा भी मजबूत हुई है। तराई क्षेत्र में स्थित मैलानी दुधवा नेशनल पार्क जाने वाले पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण जंक्शन है। मैलानी से नानपारा और बहराइच की ओर जंगलों से होकर गुजरने वाला रेल मार्ग प्राकृतिक सौंदर्य और हेरिटेज महत्व के लिए भी जाना जाता है। लखनऊ मंडल के लिए यह गौरव की बात है कि उसके पास आधुनिक स्टेशन गोमतीनगर के साथ-साथ मैलानी-नानपारा जैसी पुरातन रेल विरासत भी मौजूद है।



