
लखनऊ, 15 अगस्त 2026
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के बादशाहनगर स्थित मनोरंजन संस्थान के प्रांगण में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया। समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। डीआरएम ने रेल यात्रियों, उपभोक्ताओं, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा सीमा पर तैनात जवानों के पराक्रम को नमन किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देशभर में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया है।

आधुनिकीकरण की राह पर लखनऊ मंडल
डीआरएम ने बताया कि लखनऊ मंडल 107 क्रासिंग और 39 हाल्ट स्टेशनों के साथ तेजी से आधुनिकीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ब्रॉडगेज लाइन पर मंडल का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है और ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग सिस्टम से रेल परिचालन को नई मजबूती मिल रही है। वर्ष 2026 में अब तक 14 समपार समाप्त किए गए। पांच स्टेशनों पर लूप लाइन की गति 15 से बढ़ाकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गई। 52.52 किलोमीटर डीप स्क्रीनिंग और 1068 किलोमीटर ट्रैक टेम्परिंग का कार्य पूरा किया गया।

यात्री सुविधाओं और रेलवे सेवाओं में बड़ा विस्तार
मंडल में इस वर्ष दो नई सवारी गाड़ियां और एक जोड़ी मेल एक्सप्रेस शुरू की गईं। छह अमृत भारत स्टेशनों—बस्ती, खलीलाबाद, लखनऊ सिटी, डालीगंज, बादशाहनगर और आनंदनगर—सहित छह अन्य स्टेशनों पर कोच गाइडेंस, डिस्प्ले बोर्ड और स्वचालित उद्घोषणा प्रणाली स्थापित की गई। 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा ऐशबाग स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का लोकार्पण किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ और गोरखपुर स्टेशनों पर 34 प्लास्टिक बॉटल क्रशिंग मशीनें लगाई गई हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए जुलाई तक छह जोड़ी सवारी गाड़ियों का संचालन किया गया।

यात्री संख्या और आय में बढ़ोतरी, 2.01 करोड़ यात्रियों से 558 करोड़ की आय, सुरक्षा में भी उपलब्धियां
वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक लखनऊ मंडल ने 2.01 करोड़ यात्रियों को सेवाएं दीं और 558.09 करोड़ रुपये की यात्री आय अर्जित की। पिछले वर्ष की तुलना में यात्री संख्या में 6.91 प्रतिशत और यात्री आय में 20.08 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। स्क्रैप बिक्री से 25.64 करोड़ रुपये की आय के साथ मंडल पूर्वोत्तर रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान पर रहा। संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गोरखपुर-बाराबंकी सेक्शन में 66.54 किलोमीटर सुरक्षा फेंसिंग की गई। रेलवे सुरक्षा बल ने 5.39 करोड़ रुपये की नशीली सामग्री और 28.28 लाख रुपये का सोना बरामद किया, जबकि ‘मेरी सहेली’ टीम ने 4.49 लाख महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

पर्यावरण संरक्षण और कर्मचारी कल्याण को प्राथमिकता
मंडल में अनग्रिड सोलर क्षमता 4130 किलोवाट तक पहुंच गई है, जिससे 96 लाख रुपये की बचत हुई। डीजल और बिजली की बचत से 128 करोड़ रुपये का लाभ हुआ। कर्मचारी कल्याण के तहत विभिन्न शिविर, महिला शिविर और योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। खेलों में सुश्री मानसी ने वर्ल्ड रेसलिंग में रजत पदक हासिल किया, जबकि सुश्री उषा का वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग के लिए चयन मंडल के लिए गौरव का विषय रहा। डीआरएम ने कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कर्मचारी खुशहाल होगा तो रेलवे मजबूत होगा और रेलवे मजबूत होगा तो राष्ट्र मजबूत होगा। समारोह के अंत में कलाकारों, शिक्षकों, स्काउट-गाइड के बच्चों और टैलेंट हंट प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। बाद में मंडल चिकित्सालय, बादशाहनगर में मरीजों को फल वितरित किए गए और कार्यरत कर्मचारियों को उपहार दिए गए। समारोह में एडीआरएम भुवनेश सिंह, एडीआरएम परिचालन नीतू, शाखाधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन पदाधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेलकर्मी और उनके परिवारीजन मौजूद रहे।



