उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

धनंजय मिश्र ने संभाला सहायक वाणिज्य प्रबंधक का पदभार

वाणिज्य लिपिक से गजेटेड अधिकारी तक का सफर, विभागीय चयन में हासिल किया प्रथम स्थान

गोरखपुर/लखनऊ

पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारी धनंजय मिश्रा ने बीते शुक्रवार को गोरखपुर में सहायक वाणिज्य प्रबंधक (आईटी एवं रिजर्वेशन) का पदभार ग्रहण किया। वाणिज्य लिपिक से गजेटेड अधिकारी तक का उनका सफर निरंतर परिश्रम, उच्च शिक्षा और व्यावसायिक दक्षता का उदाहरण है।

बाराबंकी के हनुमानपुरी निवासी धनंजय मिश्रा ने वर्ष 1995 में वीसीआरसी (VCRC) के माध्यम से रेलवे सेवा प्रारंभ की थी। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने मथुरा, आगरा और बरेली रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न पदों पर कार्य किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने लखनऊ में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) में सहायक प्रबंधक के रूप में भी सेवाएं दीं। नई जिम्मेदारी संभालने से पहले वह भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में प्रशिक्षण समन्वयक के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ लखनऊ में निवास करते हैं।

विभागीय चयन में हासिल की उल्लेखनीय सफलता

चयन चक्र 2025–2026 के अंतर्गत ग्रुप ‘बी’ की 30 प्रतिशत कोटे की चयन प्रक्रिया में धनंजय मिश्रा ने पैनल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही 70 प्रतिशत कोटे की चयन प्रक्रिया में भी उनका चयन हुआ।

शैक्षणिक क्षेत्र में भी उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सेवाकाल के दौरान उन्होंने पीजीडीसीए, एमबीए, प्राचीन इतिहास एवं पर्यटन में स्नातकोत्तर उपाधियां प्राप्त कीं। इसके अलावा रेलवे से संबंधित विभिन्न डिप्लोमा भी हासिल किए।

धनंजय मिश्रा की यह उपलब्धि विभागीय प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से करियर में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी यात्रा यह संदेश देती है कि निरंतर अध्ययन, मेहनत और अपने कार्य के प्रति समर्पण से सेवा में नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button