GM राजेश कुमार पांडेय ने किया लखनऊ–कानपुर रेलखंड का निरीक्षण
अमृत भारत स्टेशनों के विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर

लखनऊ, 24 अक्टूबर
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने शनिवार को लखनऊ–कानपुर रेलखंड का निरीक्षण कर विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा के साथ वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव, सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता और स्टेशन डायरेक्टर गौरव दीक्षित सहित गति शक्ति एवं लखनऊ मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं के विस्तार, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और रेल परिचालन की सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया।

लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण कार्यों की प्रगति का किया निरीक्षण
महाप्रबंधक ने लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मानक नगर रेलवे स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे उन्नयन कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्नाव रेलवे स्टेशन पर स्टेशन भवन के निर्माण, पुनर्विकास कार्यों, प्रतीक्षालयों और अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मीडिया कर्मियों से संवाद भी किया।

इसके बाद महाप्रबंधक ने कानपुर पुल बायां किनारा रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष, प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर फर्श निर्माण, यात्री सुविधाओं और स्टेशन भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत कर स्टेशन के पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित जानकारी साझा की।

रेलपथ की सुरक्षा और संरक्षा का भी लिया जायजा
निरीक्षण के अगले चरण में महाप्रबंधक ने कानपुर–लखनऊ रेलखंड पर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के माध्यम से रेलपथ की स्थिति तथा सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अमौसी स्टेशन के निकट समपार संख्या 78 पर उन्होंने कार्यरत गैंगमैनों से बातचीत की और रेलपथ के रखरखाव तथा उनकी कार्यप्रणाली से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

NRMU के मण्डल मंत्री ने सौंपा ज्ञापन
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर एनआरएमयू (NRMU) के मंडल मंत्री विभूति मिश्रा ने यूनियन के अन्य पदाधिकारियों के साथ महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।



