पूर्वोत्तर रेलवे में सतर्कता जागरूकता सेमिनार आयोजित
ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही से काम करने पर जोर

लखनऊ, 10 सितम्बर
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल कार्यालय के गंगोत्री हाल में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने की। यह से 16 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित किया गया। वहीं गोरखपुर मुख्यालय से आए उप मुख्य सतर्कता अधिकारियों ने अलग-अलग विभागों से जुड़े कामकाज में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने टेंडर प्रक्रिया में नियमों का पूरी तरह पालन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही जरूरी है। साथ ही कार्यालय के काम को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए जरूरी सुधारों के बारे में भी जानकारी दी गई।

डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने दैनिक कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बादशाहनगर रमेश चंद्र मौजूद रहे। सेमिनार का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में मंडल के सभी शाखाधिकारी, टेंडर से जुड़े सेक्शन ऑफिसर, कर्मचारी और अन्य अधिकारी शामिल हुए।



