उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

रेलवे और यूपी मेट्रो के बीच प्रशिक्षण एवं अनुसंधान को लेकर समझौता

रेलवे और यूपी मेट्रो के बीच प्रशिक्षण एवं अनुसंधान को लेकर समझौता

लखनऊ, 16 अक्टूबर

भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान, लखनऊ और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ट्रेनिंग के बीच प्रशिक्षण, अनुसंधान और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य भारतीय रेल एवं मेट्रो रेल क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाना तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार करना है।

समझौते पर भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान की ओर से अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ट्रेनिंग के महानिदेशक प्रशांत मिश्रा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सीओईटी के प्रिंसिपल एवं उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के संयुक्त महाप्रबंधक (ऑपरेशंस) सुदीप सिंह, महाप्रबंधक (ऑपरेशंस) कृष्ण शुक्ल और संस्थान के संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम और आधुनिक तकनीक पर जोर

समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सेमिनार, अतिथि व्याख्यान और विशेषज्ञ सत्र आयोजित करेंगे। प्रशिक्षण मॉड्यूल, केस स्टडी और नए पाठ्यक्रम विकसित करने के साथ प्रशिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। रेलवे परिचालन, मेट्रो सेवाओं और शहरी परिवहन प्रबंधन से जुड़े विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा परिचालन संबंधी अनुसंधान, प्रशिक्षण आवश्यकताओं के आकलन, पाठ्यक्रमों के अद्यतन और डिजिटल प्रशिक्षण सामग्री के विकास में सहयोग होगा। दोनों संस्थान अपनी कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और सिमुलेशन सुविधाओं का भी सहमति के आधार पर साझा उपयोग कर सकेंगे। यह समझौता पांच वर्ष तक प्रभावी रहेगा। इससे परिवहन क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार करने और आधुनिक तकनीकों के अनुरूप पेशेवर दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button