भारत और श्रीलंका के पत्रकारों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर
पत्रकारों के आदान-प्रदान और संयुक्त पत्रकारिता प्रयासों को लेकर बनी सहमति

लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026
भारत और श्रीलंका के बीच मीडिया संबंधों को मजबूत करने, पत्रकारिता के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने तथा पत्रकारों के अनुभवों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) की ओर से गुरुवार को लखनऊ स्थित यूपी प्रेस क्लब में *’श्रीलंका एंड इंडिया जर्नलिस्ट्स फेलोशिप एंड कोऑपरेशन’* कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन (यूपीडब्ल्यूजेयू) की मेजबानी में आयोजित यह सम्मेलन क्षेत्रीय मीडिया एकजुटता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इसमें दोनों देशों के प्रमुख यूनियन नेताओं, प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुभाषनि डी सिल्वा की विशेष उपस्थिति रही। वह आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल मिश्रा और महासचिव के. विश्वदेव राव के आमंत्रण पर यूपी प्रेस क्लब पहुंची थीं। इस अवसर पर यूपीडब्ल्यूजेयू के पदाधिकारियों ने मेजबान की भूमिका निभाते हुए स्थानीय एवं आमंत्रित प्रतिनिधियों के बीच सार्थक संवाद का अवसर उपलब्ध कराया।

दक्षिण एशियाई देशों के बीच संयुक्त पत्रकारिता पर बल
सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय आयाम देते हुए एशियन मीडिया एंड कल्चर एसोसिएशन के अध्यक्ष पेथुम पेसक्वेल और महासचिव श्री निशांत अल्विस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पत्रकारों एवं यूपीडब्ल्यूजेयू के सदस्यों को संबोधित किया। अपने वर्चुअल संबोधन में उन्होंने दक्षिण एशियाई देशों के बीच संयुक्त पत्रकारिता प्रयासों को बढ़ावा देने, सांस्कृतिक समझ विकसित करने तथा मीडिया संस्थानों के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
दोनों संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों ने किया नेतृत्व
इस सम्मेलन का नेतृत्व दोनों संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों ने किया। आईएफडब्ल्यूजे की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल मिश्रा, उपाध्यक्ष प्रेम कांत तिवारी, महासचिव के. विश्वदेव राव और कोषाध्यक्ष रजत मिश्रा ने प्रतिनिधित्व किया। वहीं, यूपीडब्ल्यूजेयू की ओर से अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, प्रदेश महासचिव देव राज सिंह, लखनऊ इकाई के अध्यक्ष शिव शरण सिंह और सचिव नितिन श्रीवास्तव ने मेजबान टीम की जिम्मेदारी निभाई।

नैतिक पत्रकारिता, प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा पर जोर
इस फेलोशिप का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के पत्रकारों के बीच पेशेवर संबंधों को प्रगाढ़ करना, नैतिक पत्रकारिता के मानकों को बढ़ावा देना, प्रेस की स्वतंत्रता का समर्थन करना और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। आईएफडब्ल्यूजे जैसे राष्ट्रीय संगठन, यूपीडब्ल्यूजेयू जैसी प्रांतीय इकाई और अंतरराष्ट्रीय मीडिया संघों को एक मंच पर लाकर इस सम्मेलन ने भारत और श्रीलंका के बीच निरंतर द्विपक्षीय आदान-प्रदान एवं संस्थागत सहयोग के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया है।
इस अवसर पर यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के पदाधिकारियों में क्रमशः भास्कर दुबे, शिव विजय सिंह, आशीष कुमार सिंह, अविनाश शुक्ला, विजय कुमार त्रिपाठी, हिमांशु दीक्षित, टी एन मिश्रा, नजम एहसन, आलोक द्विवेदी, अनिल सैनी आदि उपस्थित रहे।



