‘स्वच्छ भारत, मेरी जिम्मेदारी’ पर कार्यशाला आयोजित
स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का दिया संदेश

लखनऊ, 10 सितम्बर
रक्षा लेखा महानियंत्रक के मार्गदर्शन में गुरुवार को रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (मध्य कमान) की ओर से ‘स्वच्छ भारत, मेरी जिम्मेदारी’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

कार्यशाला में रक्षा लेखा सेवा और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) के अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के महत्व, कचरे के उचित निस्तारण और आसपास का वातावरण साफ रखने पर जोर दिया गया। कर्मचारियों को समझाया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (मध्य कमान), लखनऊ के कर्मचारियों ने ‘कचरा डिब्बे में—बीमारी बाहर’ शीर्षक से लघु नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यशाला का शुभारंभ उप नियंत्रक हर्षप्रीति ने किया। समापन अवसर पर रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक संजय कुमार चौधरी ने कहा कि स्वच्छ भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब हर नागरिक और कर्मचारी अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाए। संचालन सहायक लेखा अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने किया।



