उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

लखनऊ जंक्शन पर ‘स्टेशन महोत्सव’ की धूम, कृष्ण-अर्जुन का रथ बना आकर्षण का केंद्र

 शताब्दी वर्ष में विरासत और आधुनिकता का संगम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा यात्रियों का मन

लखनऊ, 04 सितम्बर 
 पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन पर 100 साल पूरे होने पर शुक्रवार को ‘स्टेशन महोत्सव’ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर भारतीय रेल के चयनित स्टेशनों पर आयोजित किए जा रहे इस विशेष कार्यक्रम के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में लखनऊ जंक्शन और मैलानी जंक्शन का चयन किया गया है।
कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर आयोजित स्टेशन महोत्सव में स्टेशन परिसर में भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव भी मनाया गया। यहां स्थापित भगवान कृष्ण और अर्जुन के रथ ने यात्रियों और आम लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल और अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू ने कृष्ण-अर्जुन के रथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह में स्काउट एवं गाइड के बच्चों तथा लखनऊ मंडल के कलाकारों ने धार्मिक, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ जंक्शन शहर की शान, इतिहास और संस्कृति का प्रतीक है। इसी वर्ष स्टेशन की स्थापना के 100 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्टेशन महोत्सव का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वच्छता को बढ़ावा देना और रेलवे की समृद्ध विरासत से लोगों को जोड़ना भी है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ मंडल विरासत और आधुनिकता के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। मंडल के पास आधुनिक गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के साथ-साथ मैलानी-नानपारा की ऐतिहासिक हेरिटेज एमजी लाइन भी है। यात्री सुविधाओं और कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में मंडल लगातार आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्टेशन प्रबंधक, जनसंपर्क अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button