कुलियों के उत्पीड़न के विरोध में देशभर में प्रदर्शन, रेल मंत्री को भेजा पत्र
राष्ट्रीय कुली मोर्चा की पहल रोकने का आरोप, नेशनल कोऑर्डिनेटर के खिलाफ जांच खत्म करने की मांग

लखनऊ, 10 अगस्त 2026
कुलियों की जीवन सुरक्षा, रेलवे में समायोजन, सामाजिक सुरक्षा और स्टेशनों पर सामान ढोने के काम में निजी कंपनियों के दखल को रोकने की मांग को लेकर सोमवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रीय कुली मोर्चा के आह्वान पर कुलियों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर उत्पीड़न पर रोक लगाने और नेशनल कोऑर्डिनेटर राम सुरेश यादव के खिलाफ चल रही जांच समाप्त करने की मांग की।

मोर्चा की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया कि पिछले करीब डेढ़ साल से कुलियों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा को लेकर पहल की जा रही है, लेकिन इसे रोकने के लिए नेशनल कोऑर्डिनेटर का उत्पीड़न किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि एक तरफ कुलियों के सम्मानजनक जीवन और सामाजिक सुरक्षा के लिए दिए गए आदेशों का अनुपालन नहीं हो रहा, वहीं दूसरी ओर स्टेशनों पर सामान ढोने के काम को निजी कंपनियों को ठेके पर दिया जा रहा है।

बयान में कहा गया कि लंबे आंदोलन के बाद कुलियों की जीवन सुरक्षा को लेकर जांच कराई गई थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट संसद के पटल पर नहीं रखी गई। प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई रोकने, शीर्ष नेतृत्व का उत्पीड़न बंद करने और कुलियों के जीवन व सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का तत्काल समाधान करने की मांग की।

प्रदर्शन में अदनान अहमद, अरुण कुमार यादव, सोहित यादव, अर्जुन प्रसाद, कृष्णा, वीरेंद्र, नामदार, मोनू, राम चंदर, अशोक कुमार डब्लू, शकील अकील अहमद, शंकर, अखिलेश, कलीम मकरानी, राज कुमार, राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



