उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

लखनऊ मंडल के गुड्स टर्मिनलों के उन्नयन पर मंथन, व्यापारियों से सीधे संवाद में जुटा रेलवे

लोडिंग-अनलोडिंग से लेकर सड़क और वैगन सुविधा तक उठे मुद्दे, व्यापारियों को समाधान का भरोसा

लखनऊ, 06 अगस्त

उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में माल परिवहन व्यवस्था को अधिक तेज, सुगम और ग्राहक-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह की अध्यक्षता में मंडल के विभिन्न गुड्स टर्मिनलों और साइडिंगों से जुड़े उद्योग एवं व्यापारिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) प्रशांत कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में फूलपुर, गौरीगंज, टांडा, ऊंचाहार, अमौसी, जैतीपुर, कुंदनगंज और सिंदुरवा गुड्स टर्मिनलों से जुड़े प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। IFFCO, इंडोरामा इंडिया, ACC, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय खाद्य निगम (FCI), इंडियन ऑयल, HPCL समेत कई संस्थानों ने लोडिंग-अनलोडिंग, आधारभूत ढांचे, सड़क संपर्क, प्रकाश व्यवस्था, वैगन उपलब्धता और परिचालन सुविधाओं से जुड़े सुझाव रखे।

अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में गुड्स साइडिंगों के आधुनिकीकरण, आधुनिक सुविधाओं के विकास और माल ढुलाई को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। रेलवे अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और माल परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुविधाजनक तथा प्रतिस्पर्धी बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button