रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच विद्यांत हिंदू पीजी कॉलेज में फ्रेशर्स का भव्य स्वागत, पासआउट छात्रों को भावभीनी विदाई
चिराग बने मिस्टर फ्रेशर, आन्या चुनी गईं मिस फ्रेशर; गीत-संगीत और रैंप वॉक से सजा समारोह

लखनऊ, 5 अगस्त
विद्यांत हिंदू पीजी कॉलेज में गुरुवार को नए छात्रों के स्वागत और जून 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों की विदाई के लिए भव्य संयुक्त समारोह आयोजित किया गया। पद्मश्री प्रवीण सांस्कृतिक क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्राचार्या प्रो. धर्म कौर के मार्गदर्शन में हुआ। क्लब की अध्यक्षा प्रो. नीतू सिंह ने निर्देशन तथा प्रो. शालिनी साहिनी ने समन्वय की जिम्मेदारी निभाई।

प्राचार्या प्रो. धर्म कौर ने नवागंतुक विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रेरित किया और पासआउट छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, प्रो. राजीव शुक्ला ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण छात्रों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। नृत्य, गीत, एकालाप और रैंप वॉक ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। बीए प्रथम सेमेस्टर के चिराग अग्रवाल को मिस्टर फ्रेशर और आन्या कनौजिया को मिस फ्रेशर चुना गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लब के सदस्यों, कॉलेज कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग दिया।



