उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

राजभाषा कार्यान्वयन में पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल को द्वितीय पुरस्कार

नराकास की छमाही बैठक में सरकारी कामकाज में हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग पर मिला सम्मान

लखनऊ, 25 जून 2026

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-3) लखनऊ की वर्ष 2026 की प्रथम छमाही बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल को राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सम्मानित किया गया। भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में आयोजित बैठक में अध्यक्ष एवं संस्थान के निदेशक डॉ. एस.एन. सुशील ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 की अवधि में सरकारी कामकाज में राजभाषा के अधिकतम प्रयोग-प्रसार के लिए द्वितीय पुरस्कार, शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

हिंदी कार्यशालाओं में अव्वल, पत्रिका प्रकाशन में भी मिला सम्मान

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल को सर्वाधिक हिंदी कार्यशालाओं के आयोजन के लिए प्रथम पुरस्कार स्वरूप प्रमाण-पत्र तथा हिंदी पत्रिका प्रकाशन के लिए चतुर्थ पुरस्कार भी प्रदान किया गया। छमाही अवधि में मंडल कार्यालय ने 31 हिंदी कार्यशालाएं, पांच तकनीकी संगोष्ठियां, एक साहित्यिक संगोष्ठी और मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की दोनों तिमाही बैठकें आयोजित कीं। साथ ही हिंदी पत्रिका ‘प्रगति’ और हिंदी समाचार बुलेटिन ‘लखनऊ दर्पण’ का नियमित प्रकाशन भी किया गया।

हिंदी में कामकाज की परंपरा आगे भी रहेगी कायम: गौरव अग्रवाल

सम्मान प्राप्त करने के बाद मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में सरकारी कार्य नियमानुसार हिंदी अथवा द्विभाषी रूप में ही संपन्न किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार प्रेरित करने तथा नियमित निगरानी के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी मंडल राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button