Uncategorizedअपराधउत्तर प्रदेशदेश-विदेश

अवैध कमाई से धनकुबेर बने रिटायर्ड एआरटीओ के घर से 35 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

1.62 करोड़ नकद, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और कई शहरों में संपत्तियों के दस्तावेज बरामद

लखनऊ, 08 जुलाई 2026

उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। दो दिन तक चली इस कार्रवाई में विजिलेंस टीम ने भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, हीरे के आभूषण और करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सतर्कता अधिष्ठान  के अनुसार ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद 7 और 8 जुलाई 2026 को लखनऊ के अलीगंज स्थित उनके आवास पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान टीम ने 1 करोड़ 62 लाख रुपये नकद, लगभग 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी, हीरे के आभूषण तथा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। इसके अलावा लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित मकानों, फ्लैटों, प्लॉटों और कृषि भूमि से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान दो लग्जरी कारें, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, विभिन्न बैंकों के खातों, डाकघर निवेश, म्यूचुअल फंड तथा फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। सभी वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों के स्रोत की गहन जांच की जा रही है।

सतर्कता अधिष्ठान का कहना है कि बरामद दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली लखनऊ सेक्टर की विजिलेंस टीम को पुलिस महानिदेशक ने एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

विजिलेंस की इस कार्रवाई को प्रदेश में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button