उत्तर प्रदेश

“अब अपने वजूद के लिए संघर्ष कर रहा है पाकिस्तान “- योगी

महाराणा प्रताप जयंती समारोह में मुख्यमंत्री योगी ने हिस्सा लिया

– सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाराणा प्रताप जयंती पर पाकिस्तान को लिया आड़े हाथ

– कहा, आतंकवाद को संरक्षण ही नहीं, सीधे सीधे आतंकवाद में लिप्त है पाकिस्तान

– पूरा उत्तर प्रदेश आज अपनी सेनाओं के साथ खड़ा है : योगी आदित्यनाथ

– हमें अपनी सेनाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों से भी रहना होगा सतर्क : सीएम योगी

लखनऊ, 9 मई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने वीरता, राष्ट्रभक्ति और सुरक्षा के मुद्दों पर स्पष्ट और सशक्त वक्तव्य देते हुए कहा कि “अब पाकिस्तान अपने वजूद के लिए संघर्ष करता दिखाई दे रहा है”।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पाकिस्तान का आतंकवादी चेहरा अब पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हो चुका है। “22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में पाक प्रायोजित आतंकियों द्वारा भारतीय पर्यटकों पर किए गए कायरतापूर्ण हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने निर्णायक कार्रवाई की है, जिससे पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंच पर अलग-थलग पड़ गया है और कराहता नजर आ रहा है,” उन्होंने कहा।

“पाकिस्तान सीधे तौर पर आतंकवाद में शामिल”

मुख्यमंत्री ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों के जनाजों में पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों और नेताओं की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि पाकिस्तान केवल आतंकवाद को पनाह नहीं देता, बल्कि उसमें सीधे तौर पर शामिल भी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है और इसमें जनसमर्थन बेहद जरूरी है।

सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों से सतर्क रहें। “हमें अपनी सेनाओं का मनोबल बढ़ाना है और किसी भी तरह की अफवाह या शरारती सूचना के प्रति सजग रहना है,” उन्होंने कहा।

वीरता की प्रेरणा: महाराणा प्रताप, शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह

मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह को देश के महान योद्धा बताते हुए कहा कि आज के समय में इनकी वीरता हमें नई ऊर्जा और प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी का युद्ध इस बात का प्रतीक है कि सीमित संसाधनों में भी अदम्य साहस और आत्मबल से विजय प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर हुसैनगंज स्थित महाराणा प्रताप चौराहे के सौंदर्यीकरण परियोजना का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1998 में उन्होंने ही इस स्थल पर प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव दिया था। आज यह चौराहा एक ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित हुआ है।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, दयाशंकर सिंह, सांसद बृजलाल, संजय सेठ, जय प्रताप सिंह, राकेश सिंह, मयंकेश्वर शरण सिंह, आचार्य शांतनु महाराज, कौशल किशोर, दारा सिंह चौहान सहित कई अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button