छुट्टियों के मौसम में लखनऊ एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए जारी की जरूरी सलाह लखनऊ,
चेक-इन और सुरक्षा जांच में लग सकता है अधिक समय

लखनऊ, 9 मई।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, लखनऊ ने इस सप्ताहांत छुट्टियों के बढ़ते यात्रा ट्रैफिक को देखते हुए यात्रियों के लिए एक अहम सलाह जारी की है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि हवाई अड्डा पूरी तरह से चालू है और सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से कुछ अतिरिक्त सावधानियों का पालन आवश्यक है।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते हो सकती है प्रतीक्षा
एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, “वर्तमान में बढ़ी हुई सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण यात्रियों को चेक-इन और सुरक्षा जांच में सामान्य से अधिक समय लग सकता है। ऐसे में यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान से काफी पहले एयरपोर्ट पहुंचें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।”

यात्रियों के लिए क्या करें और क्या न करें
-अपनी उड़ान के लिए समय से पहले पहुंचें और सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त समय दें
-सुरक्षा कर्मियों और एयरपोर्ट स्टाफ से सहयोग करें
-लखनऊ एयरपोर्ट के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर अपडेट देखते रहें
-उड़ान संबंधी सटीक जानकारी के लिए सीधे अपनी एयरलाइन से संपर्क करें
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इस उद्देश्य से सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे धैर्य बनाए रखें, समय का सही प्रबंधन करें और हवाई अड्डे पर सभी आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन करें ताकि छुट्टियों की उनकी यात्रा सुखद और सुरक्षित बनी रहे।



