उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

लखनऊ एयरपोर्ट पर 90 दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ, यात्रियों को मिलेगा पढ़ने का नया अनुभव

पहले आप' और 'यात्री प्रथम' की सोच को बढ़ावा, आम यात्री ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन

लखनऊ, 08 जुलाई 2026

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ ने यात्रियों के सफर को अधिक ज्ञानवर्धक, रोचक और यादगार बनाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए टर्मिनल-3 के आगमन द्वार संख्या-02 के निकट 90 दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों के बीच पढ़ने की संस्कृति को प्रोत्साहित करना और यात्रा के दौरान उन्हें गुणवत्तापूर्ण समय बिताने का अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रदर्शनी में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित लेखकों की पुस्तकों के साथ-साथ विभिन्न विषयों की लोकप्रिय एवं बेस्टसेलर पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं। यहां कथा-साहित्य, आत्मकथाएं, व्यवसाय, प्रेरक साहित्य, बाल साहित्य सहित अनेक विधाओं की पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिन्हें यात्री देख और खरीद सकते हैं। एयरपोर्ट प्रशासन का मानना है कि यह पहल यात्रियों को यात्रा के दौरान एक सकारात्मक और उपयोगी अनुभव प्रदान करेगी।

लखनऊ की प्रसिद्ध ‘पहले आप’ संस्कृति और ‘यात्री प्रथम’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए इस पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन किसी विशिष्ट अतिथि के बजाय लखनऊ से यात्रा कर रहे एक सामान्य यात्री से कराया गया। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यह निर्णय इस बात का प्रतीक है कि यात्रियों को हर पहल और निर्णय का केंद्र माना जाता है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि यह 90 दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी यात्रियों को यात्रा के दौरान अपनी पसंद की पुस्तकें चुनने और पढ़ने का अवसर देगी। इस पहल से न केवल पढ़ने की आदत को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लखनऊ एयरपोर्ट का यात्रियों को विश्वस्तरीय और यादगार अनुभव देने का प्रयास भी और मजबूत होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button