केजीएमयू में अब दवा के साथ स्वच्छ हवा का भी मिलेगा परामर्श
‘चिंतन–साफ सांस’ पहल के तहत चिकित्सकों ने वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभावों पर किया मंथन

लखनऊ, 21 नवंबर
वायु प्रदूषण से होने वाली बीमारियों की रोकथाम और मरीजों के बेहतर उपचार के लिए अब दवाओं के साथ स्वच्छ हवा के महत्व को भी चिकित्सा परामर्श का हिस्सा बनाया जाएगा। इसी उद्देश्य से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ में ‘चिंतन–साफ सांस’ पहल के अंतर्गत ‘दवा के परे : मरीजों की चिकित्सा में स्वच्छ हवा को शामिल करना’ विषय पर संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें श्वसन एवं गंभीर रोग चिकित्सा विभाग के 42 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें संकाय सदस्य, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सक तथा नर्सिंग कर्मचारी शामिल रहे।
इस मुहिम में चिकित्सक निभा सकते हैं सबसे अहम भूमिका
चिंतन की परियोजना समन्वयक डॉ. भाव्या सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में छह रोगियों के उपचार संबंधी अध्ययन के माध्यम से पीएम 2.5 सहित वायु प्रदूषण के मानव शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में चिकित्सक सबसे अहम भूमिका निभा सकते हैं। मरीजों को नियमित उपचार के साथ प्रदूषण से बचाव के वैज्ञानिक और प्रमाण आधारित उपाय बताना जरूरी है।

स्वच्छ हवा संबंधी दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
डॉ. वेद प्रकाश ने स्वच्छ हवा संबंधी दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डॉ. सौरभ कश्यप ने प्रदूषण से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान और प्रभावी बचाव की आवश्यकता बताई। वहीं, श्वसन एवं गंभीर रोग चिकित्सा विभाग के डॉ. दीपक शर्मा और डॉ. शुभ्रा श्रीवास्तव ने चिकित्सकीय अध्ययनों के माध्यम से पीएम 2.5 के दुष्प्रभावों को समझाया।
अगले सप्ताह जारी होंगे स्वच्छ हवा संबंधी मरीज परामर्श दिशा-निर्देश
आगामी सप्ताह तक स्वच्छ हवा संबंधी मरीज परामर्श दिशा-निर्देश
कार्यक्रम का महत्वपूर्ण परिणाम यह रहा कि विभाग आगामी सप्ताह तक स्वच्छ हवा संबंधी मरीज परामर्श दिशा-निर्देश साझा करेगा। इसके माध्यम से चिकित्सक मरीजों को उपचार के साथ वायु प्रदूषण से बचाव के उपाय भी बताएंगे। प्रतिभागियों ने पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने में रुचि व्यक्त की। इसका उद्देश्य स्वच्छ हवा को नियमित चिकित्सा और रोगों की रोकथाम का आवश्यक हिस्सा बनाना है।



