उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

लखनऊ में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग का संयुक्त अभियान, बस और कार सीज

मोडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले कारोबारी पर एक लाख का जुर्माना, बाइक जब्त

लखनऊ, 19 जून 2026

राजधानी लखनऊ में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर शुक्रवार को यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। कामता चौराहे पर डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टीम ने निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि लालबाग क्षेत्र में मोडिफाइड साइलेंसर, हूटर और सायरन के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कई वाहनों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की गई।

डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टीम ने चलाया निरीक्षण अभियान 

आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कामता चौराहे पर डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान सड़क पर अनधिकृत रूप से सवारियां उतारने और चढ़ाने में लगी एक बस तथा एक कार को नियमों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर थाने में सीज कर दिया गया।

मोडिफाइड साइलेंसर, हूटर और सायरन  बिक्री की जांच 

आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि वहीं दूसरी ओर लालबाग क्षेत्र में अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्याम काल, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) तथा एआरटीओ (प्रवर्तन) लखनऊ आलोक यादव के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, हूटर और सायरन के इस्तेमाल तथा बिक्री की जांच की गई।

मोडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले कारोबारी पर एक लाख का जुर्माना

आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले साहनी ऑटोमोबाइल्स के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही मोडिफाइड साइलेंसर लगी एक मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, अवैध रूप से मोडिफाइड उपकरणों की बिक्री करने वालों और सड़क सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button