Uncategorized

लखनऊ मंडल में राजभाषा हिंदी समीक्षा बैठक, ई-पत्रिका “सारंग” के द्वितीय अंक का विमोचन

74 कार्यालयों की श्रेणी में उत्तर रेलवे ने प्राप्त किया तृतीय स्थान

लखनऊ, 15 दिसंबर 2025।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में वर्ष की अंतिम तिमाही की राजभाषा हिंदी समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत करते हुए मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि यह बैठक राजभाषा हिंदी की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ उपलब्धियों को साझा करने और भविष्य की दिशा तय करने का सशक्त मंच है।

मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने ई-पत्रिका “सारंग” के वर्ष 2025 के द्वितीय अंक का विमोचन किया। ई-पत्रिका में मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लिखे गए लेख और कविताएँ संकलित हैं, जो हिंदी भाषा के प्रति उनकी निष्ठा, रचनात्मकता और संवेदनशीलता को दर्शाती हैं। उल्लेखनीय है कि 19 नवंबर 2025 को गृह मंत्रालय, भारत सरकार की नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में कुल 74 कार्यालयों की श्रेणी में उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास और सकारात्मक सहभागिता का परिणाम है।

बैठक में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल भविष्य में भी राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। विमोचन अवसर पर मंडल के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और राजभाषा अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button