लखनऊ नगर निगम जोन-2 में महापौर सुषमा खर्कवाल का भव्य स्वागत, सफाई मित्रों का सम्मान समारोह
देश में तीसरा और प्रदेश में पहला स्थान मिलने पर मनाया गया जश्न, महापौर ने सफाई मित्रों को बताया असली नायक

लखनऊ, 22 जुलाई 2025
स्वच्छता के क्षेत्र में मिली ऐतिहासिक सफलता को लेकर बुधवार को नगर निगम जोन-2 कार्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने महापौर सुषमा खर्कवाल का जोशीले अंदाज में स्वागत किया और सफाई मित्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


समारोह का मुख्य आकर्षण रहा सफाई मित्रों का सम्मान, जिनकी मेहनत से लखनऊ को देश में तीसरा और प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ। महापौर ने सफाई मित्रों को माला पहनाकर व अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।


अपने उद्बोधन में महापौर ने इसे पूरे लखनऊ की सामूहिक जीत बताया और सभी को बधाई देते हुए घोषणा की कि जल्द ही “स्वच्छता जागरूकता रैली” तिरंगा यात्रा के रूप में निकाली जाएगी, ताकि स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया जा सके।


समारोह में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, पार्षद ममता चौधरी, गौरी सवारियां, कौमुदी त्रिपाठी, राजीव वाजपेई, राहुल मिश्रा, संदीप शर्मा, राजू दीक्षित, अजय दीक्षित, पूर्व पार्षद राजीव कृष्ण त्रिपाठी और राजू गांधी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने महापौर का माल्यार्पण कर स्वागत किया। समारोह के अंत में सभी ने एकजुट होकर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।



