महापौर ने दी कर्मचारियों को स्वच्छता सफलता की बधाई, लखनऊ को नंबर एक बनाने का लिया संकल्प
नगर निगम के कर्मचारी संगठनों से महापौर की सीधी बातचीत, कर्मचारियों की 30 सूत्रीय मांगों पर भी हुआ संवाद

लखनऊ, 22 जुलाई 2025
लखनऊ नगर निगम के कैंप कार्यालय में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम के सभी कर्मचारी संगठनों के अध्यक्षों और महामंत्रियों को आमंत्रित कर स्वच्छता में लखनऊ के राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त करने पर उन्हें बधाई दी।
महापौर ने कहा कि यह सम्मान हम सभी की साझा मेहनत का परिणाम है, और आगे भी हम सब मिलकर काम करते रहें, ताकि अगली बार लखनऊ देश में पहला स्थान प्राप्त करे। उन्होंने जल्द ही एक बड़ी स्वच्छता जागरूकता रैली निकालने की भी घोषणा की, जिससे शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति और सजग किया जाएगा।
बैठक में नगर निगम कर्मचारी संघ, लखनऊ के अध्यक्ष आनंद वर्मा और महामंत्री शमील एखलाक ने संगठन की ओर से आश्वस्त किया कि नगर निगम का हर कर्मचारी इस लक्ष्य को पाने के लिए अपना पूर्ण योगदान और सहयोग देगा तथा नागरिकों को भी जागरूक करेगा।


इस अवसर पर संघ द्वारा कर्मचारियों की 30 सूत्रीय लम्बित मांगों का ज्ञापन भी महापौर को सौंपा गया। ज्ञापन में सफाई, आर.आर. विभाग, उद्यान, अभियंत्रण, मार्ग प्रकाश, कैटिल कैचिंग, लिपिक, राजस्व संवर्ग आदि विभागों से जुड़ी समस्याओं पर समाधान की मांग की गई।

L
महापौर ने सकारात्मक रवैया अपनाते हुए आश्वासन दिया कि वे प्रशासन से वार्ता कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगी, ताकि कर्मचारियों को आंदोलन का मार्ग न अपनाना पड़े। बैठक के अंत में संघ के पदाधिकारियों ने महापौर का आभार जताया और विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सक्रियता से जल्द ही समस्याओं का हल निकलेगा।



