हरित भविष्य की ओर: विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर लखनऊ एयरपोर्ट का हरित संकल्प
वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लखनऊ, 5 जून 2026
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने और कार्बन उत्सर्जन कम करने का संकल्प लिया। यात्रियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि लखनऊ एयरपोर्ट पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। वर्तमान में एयरपोर्ट परिसर में 4,452 पौधे एवं वृक्ष लगाए जा चुके हैं तथा लगभग 13.2 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हरित उद्यानों का नियमित रखरखाव किया जा रहा है। जल संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई पंपों का उपयोग किया जा रहा है।

हॉर्टिकल्चर से निकलने वाले 100 प्रतिशत जैविक अपशिष्ट का पुनर्चक्रण कर उसे बायोगैस में परिवर्तित किया जाता है, जबकि उससे प्राप्त अवशेष का उपयोग जैविक खाद के रूप में किया जाता है। टर्मिनल भवन में वाइड ग्लास फसाड्स लगाए गए हैं, जिससे प्राकृतिक प्रकाश का अधिकतम उपयोग संभव हो सका है। इसके अलावा ऊर्जा बचत के लिए पारंपरिक रोशनी की जगह एलईडी लाइटिंग और सेंसर आधारित प्रकाश व्यवस्था लागू की गई है।

जल संरक्षण के क्षेत्र में एयरपोर्ट पर 1950 केएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित है, जिसके माध्यम से जल का पुनर्चक्रण सुनिश्चित किया जाता है। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि इन पहलों के जरिए न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि समाज के प्रति संस्थान की जिम्मेदारियों का भी प्रभावी निर्वहन हो रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।



