पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ को उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन के लिए प्रथम पुरस्कार
राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रभावी कार्यान्वयन के प्रयासों को मिली सराहना

लखनऊ, 08 अक्टूबर।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ को राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास)-04 द्वारा प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गुरुवार को आयोजित नराकास-04 की प्रथम अर्द्धवार्षिक बैठक में पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ को प्रथम स्थान प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार कार्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग से संबंधित छमाही रिपोर्ट के आधार पर दिया गया। समिति के 45 सदस्य कार्यालयों के कार्यों का मूल्यांकन करने के बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ द्वारा राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन की दिशा में किए गए उत्कृष्ट प्रयासों को प्रथम स्थान के लिए चुना गया।

समारोह में पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ की ओर से श्री संजय कुमार वर्मा तथा कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी सुश्री लकी सिंह ने पुरस्कार ग्रहण किया। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने कहा कि वह राजभाषा हिंदी के संवर्धन, प्रचार-प्रसार और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यालय भविष्य में भी हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए नए प्रयास जारी रखेगा।



