पासपोर्ट आवेदकों की समस्याओं का घर बैठे निस्तारण करने पर जोर : ज्ञानवीर सिंह
पासपोर्ट सेवाओं में लखनऊ बना मिसाल, पांच माह में 3.86 लाख से अधिक पासपोर्ट जारी

लखनऊ, 05 जून 2026
पासपोर्ट से जुड़ी कई समस्याओं के समाधान के लिए अब आवेदकों को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने बताया कि कई मामलों का निस्तारण केवल व्हाट्सएप, शिकायत पोर्टल, ‘एक्स’ और ई-मेल के माध्यम से किया जा सकेगा।
आरपीओ ज्ञानवीर सिंह ने बताया कि आम नागरिकों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत किया गया है। आवेदकों की समस्याओं का समाधान व्हाट्सएप, शिकायत पोर्टल, ‘एक्स’ और ई-मेल जैसे डिजिटल माध्यमों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह पासपोर्ट वैन के जरिए दूरदराज के क्षेत्रों में शिविर लगाकर सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों में 400 से अधिक आवेदन स्वीकार किए गए और कई जनपदों में शिविर आयोजित किए गए।

पांच महीनों में रिकॉर्ड संख्या में पासपोर्ट जारी
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने बताया कि पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में रिकॉर्ड संख्या में पासपोर्ट जारी कर नागरिक सेवाओं में नई उपलब्धि हासिल की है। कार्यालय द्वारा 1 जनवरी से 31 मई 2026 तक 3,91,577 पासपोर्ट आवेदन प्राप्त किए गए, जिनमें से 3,86,223 पासपोर्ट जारी किए गए। इसके अलावा 19,958 पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) के आवेदन प्राप्त हुए और सभी का निस्तारण किया गया।

आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों को डिजिलॉकर से लिंक करने की अपील
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने नागरिकों से ऑनलाइन आवेदन भरते समय आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों को डिजिलॉकर से लिंक करने की अपील की, जिससे सत्यापन प्रक्रिया तेज हो सके और पासपोर्ट शीघ्र जारी किया जा सके। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने यह भी बताया कि अब लंबित अथवा वर्तमान पासपोर्ट आवेदन को बंद कराने के लिए कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है। आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर लॉग-इन कर ऑनलाइन ही ‘क्लोज एप्लीकेशन रिक्वेस्ट’ के माध्यम से अपनी फाइल बंद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और तकनीक आधारित सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है



