उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

इरिटम में ‘पिंक प्लांटेशन’ का आयोजन, महिलाओं ने दिया हरित अभियान को नेतृत्व

स्वच्छता अभियान के तहत पौधरोपण, प्लांट एवं पॉट कार्यशाला और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

लखनऊ, 8 अक्टूबर।

भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में विशेष स्वच्छता अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को ‘पिंक प्लांटेशन’ महिला नेतृत्व आधारित हरित अभियान का आयोजन किया गया। संस्थान में विशेष स्वच्छता अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, पर्यावरणीय स्थिरता और अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षुओं की सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में ज्योति दनसाना मुख्य अतिथि तथा अपर्णा त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक प्रभास दनसाना और अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। संस्थान के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

‘पिंक प्लांटेशन’ के तहत महिला अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं ने संस्थान के नेतृत्व के साथ परिसर में देशज पौधों का रोपण किया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और स्थायी हरित वातावरण के निर्माण को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के दौरान ‘प्लांट एवं पॉट कार्यशाला’ भी आयोजित की गई, जिसमें महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा ‘स्वच्छ रंग’ नाम से स्वच्छता सांस्कृतिक संध्या आयोजित हुई, जिसमें कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं ने स्वच्छता विषयक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

स्वच्छता अभियान के तहत संस्थान परिसर, छात्रावासों, कार्यालयों और जल टंकियों की सफाई, प्लास्टिक कचरे का निस्तारण, पोस्टर निर्माण, स्वास्थ्य जांच शिविर, संविदा कर्मियों का सम्मान तथा अप्रचलित अभिलेखों, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का व्यवस्थित निस्तारण जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button