मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम: नवीन श्रीवास्तव की विदाई पार्टी में जुटे पूर्व और वर्तमान रेल अधिकारी
जब अफसरों ने नवीन की पार्टी को बनाया यादगार

लखनऊ, 5 अक्टूबर ।
कौन कहता है कि रेलवे में लंबे अरसे तक सेवा देने के बाद शानदार विदाई सिर्फ बड़े अफसरों को ही मिलती है। रेलवे में मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाने वाले कर्मचारियों के प्रति अधिकारियों का सम्मान भी किसी मिसाल से कम नहीं होता। ऐसा ही भावपूर्ण और यादगार दृश्य एनईआर के ऑपरेटिंग कंट्रोल की कमान संभालने वाले नवीन कुमार श्रीवास्तव के सेवानिवृत्ति समारोह में देखने को मिला।

नवीन कुमार श्रीवास्तव ने रेलवे में अपनी लंबी सेवा के दौरान ट्रेनों के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिचालन से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रियता और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण ने उन्हें अपने अधिकारियों और सहकर्मियों के बीच अलग पहचान दिलाई। सीनियर डीओएम की परिचालन संबंधी आवश्यकताओं और समस्याओं का समाधान तलाशकर उसे प्रभावी ढंग से सामने रखने में उनकी भूमिका को सहयोगियों ने विशेष रूप से याद किया।

3 अक्टूबर को आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह में नवीन कुमार ने अपने पूर्व अधिकारियों को भी आमंत्रित किया। उनके आमंत्रण पर बड़ी संख्या में पूर्व और वर्तमान रेल अधिकारी पहुंचे और नवीन के सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें सम्मान एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह में पूर्व पीसीओएम/एनईआर अनिल कुमार सिंह, पूर्व पीसीसीएम/एफएम/एनईआर राधेश्याम, एडीआरएम/एनआर नीलिमा सिंह, एडीआरएम/एनईआर नीतू, सीनियर डीओएम शिल्पी कनौजिया, सीनियर डीओएम/कोचिंग अनुज कुमार सिंह, सीनियर डीओएम/जी जे.एन. गुप्ता, सीनियर प्रोफेसर आईआरआईटीएम स्वदेश कुमार सिंह, डीन आईआरआईटीएम शिशिर सोमवंशी, स्टेशन डायरेक्टर लखनऊ जंक्शन पी के सिंह, एओएम/कोचिंग गिरीश कुमार सिंह, एओएम/एम मनीष कुमार, पूर्व मंडल मंत्री एनआरएमयू आर.के. पांडेय, सहायक मण्डल परिचालन प्रबंधक NR पी के त्रिपाठी और पूर्व मंडल परिचालन प्रबंधक डी.के. श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी और सहकर्मी मौजूद रहे।

नवीन की विदाई में अधिकारियों की मौजूदगी ने यह संदेश भी दिया कि ईमानदार और समर्पित सेवा का सम्मान पद से नहीं, कर्म से तय होता है। समारोह में मौजूद लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद और सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।



