उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के बीच सजा टी-20 नाइट क्रिकेट का रोमांच

DRM एकादश ने 10 विकेट से जीता मुकाबला

लखनऊ, 24 मई 2026

लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में पूर्वोत्तर रेलवे मंडल द्वारा स्थापित आधुनिक फ्लडलाइट व्यवस्था का रविवार को भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक एकादश और मीडिया एकादश के बीच टी-20 नाइट क्रिकेट मैच खेला गया। फ्लडलाइट्स की रोशनी में हुए मुकाबले ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल और श्रुति गुप्ता मौजूद रहीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया एकादश ने 94 रन बनाए। जवाब में DRM एकादश ने राहुल यादव और पंकज कुमार सिंह की शानदार बल्लेबाजी के दम पर बिना विकेट खोए मैच जीत लिया।

DRM एकादश और मीडिया एकादश आमने-सामने

मंडलीय खेलकूद संघ, पूर्वोत्तर रेलवे के तत्वावधान में आयोजित मैत्री मैच में मंडल रेल प्रबंधक एकादश और मीडिया एकादश की टीमें आमने-सामने रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में लखनऊ मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता, ADRM नीतू एवं महिला संगठन की पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।

मीडिया और रेलवे के रिश्तों पर DRM का संदेश
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि मीडिया समाज और संस्थाओं के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से रेलवे की उपलब्धियां जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचती हैं और सभी मीडिया कर्मियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

फ्लडलाइट्स से खेल गतिविधियों को मिलेगी नई गति
DRM गौरव अग्रवाल ने कहा कि ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में स्थापित आधुनिक फ्लडलाइट व्यवस्था भविष्य में रात्रिकालीन खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे रेलवे खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय अभ्यास और प्रतिस्पर्धाओं के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा खेल गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।

मीडिया एकादश ने बनाए 94 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया एकादश ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 94 रन बनाए। टीम की ओर से सुधीर तिवारी ने सर्वाधिक 35 रन और पंकज पांडेय ने 14 रनों का योगदान दिया। वहीं DRM एकादश की ओर से शिव प्रताप सिंह, बलराम निषाद और पंकज कुमार सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया।

राहुल यादव और पंकज सिंह की दमदार बल्लेबाजी से DRM एकादश विजयी
95 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मंडल रेल प्रबंधक एकादश के सलामी बल्लेबाज राहुल यादव और पंकज कुमार सिंह ने शानदार बल्लेबाजी की। राहुल यादव ने 28 गेंदों पर नाबाद 43 रन जबकि पंकज कुमार सिंह ने 37 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए। DRM एकादश ने बिना विकेट खोए 10.5 ओवर में 98 रन बनाकर मीडिया एकादश को 10 विकेट से हराया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button