रीता बहुगुणा जोशी के पति के निधन पर व्यापार मंडल ने जताया शोक, उनके आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक जगत में है शोक की लहर

लखनऊ, 14 मई 2026
उत्तर प्रदेश कपड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल बजाज, महामंत्री प्रभु जालान, लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम कृष्णानी और उपाध्यक्ष पुनीत लालचंदानी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी के पति के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

रीता बहुगुणा जोशी के पति डॉ.पूरन चंद्र जोशी एक शिक्षाविद और शांत स्वभाव के व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। वे लंबे समय तक शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे तथा समाज में उनकी विशेष पहचान थी। उनके निधन की खबर से राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक जगत में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में लोग प्रयागराज पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. पूरन चंद्र जोशी का जीवन बेहद सादगीपूर्ण और प्रेरणादायी रहा। उन्होंने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। इस दौरान सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।



