उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

रेल बजट 2026-27 में  रेलवे को बड़ी सौगात, यूपी-बिहार-उत्तराखंड के लिए रिकॉर्ड आवंटन

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी प्रमुख उपलब्धियों और रेलवे की भावी योजनाओं की जानकारी

नई दिल्ली/गोरखपुर/लखनऊ 
 रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने  सोमवार को नई दिल्ली से वर्चुअल रूप से आम बजट 2026-27 की प्रमुख उपलब्धियों और रेलवे की भावी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर गोरखपुर से महाप्रबंधक उदय बोरवणकर और लखनऊ से डीआरएम गौरव अग्रवाल और ADRM नीतू व भुवनेश सिंह पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे।
रेल मंत्री ने बताया कि भारतीय रेल को पूंजीगत व्यय के लिए कुल 2.78 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। उत्तर प्रदेश को रिकॉर्ड 20,012 करोड़ रुपये, बिहार को 10,379 करोड़ रुपये तथा उत्तराखंड को 4,769 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। उत्तर प्रदेश में लगभग 92,000 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं और 157 अमृत भारत स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। स्वीकृत 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में से 2 कॉरिडोर उत्तर प्रदेश—दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी—के लिए मंजूर किए गए हैं।
रेल मंत्री ने बताया कि बिहार में 1,09,158 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं चल रही हैं। वाराणसी-सिलीगुड़ी वाया पटना हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बिहार से होकर गुजरेगा। राज्य में 14 जोड़ी वंदे भारत और 21 जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है।
उत्तराखंड में 39,491 करोड़ रुपये की परियोजनाएं जारी हैं तथा ऋषिकेश-रुद्रप्रयाग नई लाइन निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां 3 जोड़ी वंदे भारत और 1 जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस संचालित हैं।
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे पर नई लाइन, तीसरी लाइन, चौथी लाइन और दोहरीकरण की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं चल रही हैं। सहजनवा-दोहरीघाट, खलीलाबाद-बांसी-डुमरियागंज-श्रावस्ती-बहराइच, आनंदनगर-महराजगंज-घुघली, पनियहवा-छितौनी-तमकुही रोड तथा एटा-कासगंज जैसी नई रेल लाइन परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास को नई गति देंगी। उन्होंने बताया कि इज्जतनगर में एआई आधारित एलीफेंट प्रोटेक्शन सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे वन क्षेत्रों में रेल परिचालन के दौरान हाथियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पूर्वोत्तर रेलवे पर वर्तमान में 243 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस, 119 जोड़ी सवारी ट्रेनें, साथ ही 7 जोड़ी वंदे भारत और 9 जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 58 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें से 13 स्टेशनों का उद्घाटन हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है। पत्रकार वार्ता में रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों ने बजट को पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह आवंटन यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button