उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

2025 में जियो का डिजिटल धमाका: 50 करोड़ यूजर्स, 5G में दुनिया का दबदबा और IPO की तैयारी

नई दिल्ली, 30 दिसंबर ।
वर्ष 2025 रिलायंस जियो के लिए मील का पत्थर साबित हुआ है। इस साल जियो ने न केवल भारत, बल्कि वैश्विक टेलीकॉम सेक्टर में अपनी ताकत का लोहा मनवाया। रिकॉर्ड ग्राहक वृद्धि, 5G और एयरफाइबर में वर्ल्ड लीडरशिप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बड़ी पहल और बहुप्रतीक्षित IPO की घोषणा—2025 जियो के लिए उपलब्धियों से भरा रहा।

50 करोड़ यूजर्स का ऐतिहासिक आंकड़ा

सितंबर 2025 में जियो ने 50 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा पार कर लिया। अक्टूबर के अंत तक यह संख्या बढ़कर करीब 50.9 करोड़ पहुंच गई। इसी के साथ जियो दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल डेटा नेटवर्क बन गया। अकेले 2025 के पहले 10 महीनों में ही कंपनी से 2.7 करोड़ से अधिक नए ग्राहक जुड़े, जो जियो की लोकप्रियता और नेटवर्क क्षमता को दर्शाता है।

5G में जियो का दबदबा

जियो की ट्रू 5G सेवा ने देशभर में तेज़ी से विस्तार किया। आज जियो नेटवर्क पर होने वाले कुल वायरलेस डेटा ट्रैफिक का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा 5G पर शिफ्ट हो चुका है। जियो के मुताबिक, 5G स्पीड प्रतिस्पर्धी कंपनियों से कहीं अधिक तेज है और ग्रामीण इलाकों में भी 5G साइट्स का विस्तार दोगुनी रफ्तार से हुआ है।

एयरफाइबर: दुनिया में नंबर वन

जुलाई 2025 में जियो एयरफाइबर ने इतिहास रचते हुए सब्सक्राइबर के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) सेवा का दर्जा हासिल किया। हर महीने करीब 10 लाख नए होम कनेक्शन जुड़े और कुल यूजर्स की संख्या 1 करोड़ से ज्यादा हो गई। जियो एयरफाइबर के जरिए अब घरों तक हाई-स्पीड इंटरनेट, OTT, गेमिंग और क्लाउड सेवाएं एक साथ पहुंच रही हैं।

डेटा खपत में रिकॉर्ड उछाल

2025 में भारत में डेटा क्रांति और तेज हुई। जनवरी से सितंबर के बीच जियो नेटवर्क पर 162 एक्साबाइट डेटा ट्रैफिक दर्ज किया गया। प्रति यूजर औसत डेटा खपत बढ़कर 38.7 GB प्रति माह हो गई, जो डिजिटल इंडिया की बदलती तस्वीर को दिखाती है।

स्वदेशी तकनीक और इनोवेशन

जियो ने स्वदेशी 5G और एयरफाइबर टेक्नोलॉजी विकसित कर भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। 5G से लेकर 6G तक जियो के नाम 3400 से अधिक पेटेंट दर्ज हैं। कम लागत, तेज़ रोलआउट और लंबी दूरी तक कनेक्टिविटी जियो की तकनीक की खास पहचान बन चुकी है।

AI और क्लाउड में बड़ी छलांग

2025 में जियो ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी बड़ा दांव खेला। गूगल के साथ साझेदारी के तहत जियो 5G यूजर्स को 18 महीने तक मुफ्त Gemini 3 Pro AI सब्सक्रिप्शन देने की घोषणा की गई। इसके अलावा मेटा, माइक्रोसॉफ्ट और स्पेसएक्स (स्टारलिंक) के साथ रणनीतिक साझेदारियों ने जियो को भविष्य की तकनीक के और करीब ला दिया।

IPO की घोषणा, निवेशकों में उत्साह

रिलायंस इंडस्ट्रीज की AGM में जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO की आधिकारिक घोषणा की गई। इसे 2026 की पहली छमाही में लाने की योजना है। माना जा रहा है कि यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा IPO हो सकता है, जिस पर निवेशकों की निगाहें टिकी हैं।

सामाजिक और राष्ट्रीय योगदान

प्रयागराज महाकुंभ 2025 में जियो के 5G नेटवर्क ने करोड़ों कॉल और डेटा रिक्वेस्ट को सफलतापूर्वक संभालकर अपनी मजबूती साबित की। वहीं सियाचिन जैसे दुनिया के सबसे दुर्गम इलाकों तक नेटवर्क पहुंचाकर जियो ने देश सेवा में भी अहम भूमिका निभाई। कुल मिलाकर, 2025 जियो के लिए सिर्फ एक कारोबारी सफलता का साल नहीं, बल्कि भारत के डिजिटल भविष्य की नींव मजबूत करने वाला वर्ष रहा। 5G, AI और स्वदेशी तकनीक के दम पर जियो अब “जियोताइजेशन फेज-2” की ओर बढ़ चुका है, जहां रफ्तार, स्केल और स्मार्ट टेक्नोलॉजी से डिजिटल भारत का सपना और साकार होता दिख रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button