डीएम विशाख जी ने आरटीओ दफ्तर पर मारा छापा, दलालों में हड़कंप
डीएम ने कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को सील करने के दिए आदेश

लखनऊ, 7 मार्च।
राजधानी के आरटीओ कार्यालय में शुक्रवार को डीएम विशाख जी ने अचानक छापा मारा। छापे के दौरान उन्होंने दलालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आरटीओ कार्यालय के आसपास स्थित दुकानों की चेकिंग की और कहा कि जन सेवा केंद्र बिना लाइसेंस के अवैध रूप से कैसे चल रहे हैं? डीएम ने इस बिल्डिंग को सील करने के आदेश दिए हैं। अब देखना यह है की स्थानीय पुलिस और प्रशासन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को सीज करता है या वह एक बार फिर पुराने डीएम की तरह विशाख जी के निर्देश को भी कहीं ताक पर न रख दे।
लंबे समय से दलालों के सक्रिय रहने की मिल रही थीं शिकायतें
RTO कार्यालय में लंबे समय से दलालों के सक्रिय रहने की शिकायतें मिल रही थीं। आम जनता को वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य सेवाओं के लिए दलालों को मोटी रकम चुकानी पड़ रही थी। इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी विशाख जी ने खुद मोर्चा संभाला और पूरे कार्यालय परिसर की जांच की। इस दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में भी लिया गया।

बिना लाइसेंस चल रहे सभी जनसेवा केंद्रों को सील करने के आदेश
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई दुकानों में बिना लाइसेंस के जनसेवा केंद्र संचालित किए जा रहे थे। जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से ऐसे सभी केंद्रों को सीज करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने लखनऊ RTO के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यालय में पारदर्शिता बनाए रखें और दलालों को किसी भी प्रकार का संरक्षण न दें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वाहन संबंधी कार्यों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि आम जनता को दलालों के चंगुल में न फंसना पड़े। जिलाधिकारी विशाख जी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन के लिए नहीं बल्कि लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ में किसी भी सरकारी कार्यालय में दलालों की कोई जगह नहीं है और ऐसे सभी लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



