हिमालय की वादियों से स्वर्ण मंदिर तक सफर, आईआरसीटीसी लाया शानदार हवाई टूर पैकेज
धर्मशाला-खज्जियार की खूबसूरती के साथ अटारी बॉर्डर और शक्तिपीठों के होंगे दर्शन, 25 सितंबर से शुरू होगी यात्रा

लखनऊ, 28 अगस्त।
हिमालय की बर्फीली वादियों, देवदार के घने जंगलों और शांत पहाड़ी वातावरण का आनंद लेने के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन करने की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने लखनऊ से एक खास हवाई टूर पैकेज पेश किया है। ‘हिमालयन ब्लिस–धर्मशाला-खज्जियार विद गोल्डन टेम्पल’ नाम से तैयार यह यात्रा छह रात और सात दिन की होगी। यात्रा 25 सितंबर से एक अक्टूबर 2026 तक संचालित की जाएगी।
इस टूर में यात्रियों को अमृतसर, अटारी बॉर्डर, खज्जियार, धर्मशाला और मैक्लोडगंज की सैर कराई जाएगी। यात्रा का सबसे खास आकर्षण अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के दर्शन होंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं को श्री चामुंडा देवी शक्तिपीठ और श्री ब्रजेश्वरी देवी शक्तिपीठ के दर्शन का भी अवसर मिलेगा। इस तरह यह पैकेज धार्मिक आस्था के साथ हिमालय की प्राकृतिक खूबसूरती और पर्यटन का अनूठा संगम होगा।

लखनऊ से हवाई यात्रा, होटल और भोजन भी पैकेज में शामिल
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि पैकेज में लखनऊ से हवाई यात्रा, आरामदायक होटलों में ठहरने की व्यवस्था, नाश्ता और रात्रि भोजन शामिल है। यात्रियों के लिए स्थानीय वातानुकूलित परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। सभी प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा और पूरे सफर के दौरान अनुभवी टूर एस्कॉर्ट यात्रियों के साथ रहेगा।
53,500 रुपये से शुरू होगा सफर
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि पैकेज में सिंगल ऑक्यूपेंसी का शुल्क 72,300 रुपये प्रति व्यक्ति, डबल ऑक्यूपेंसी 56,300 रुपये और ट्रिपल ऑक्यूपेंसी 53,500 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित है। 5 से 11 वर्ष के बच्चे के लिए बिना बेड शुल्क 38,900 रुपये और 2 से 4 वर्ष के बच्चे के लिए बिना बेड 23,400 रुपये रखा गया है।
बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर
मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि सीटें सीमित होने के कारण बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी। इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय अथवा आईआरसीटीसी की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9236391909 और 8287930902 पर संपर्क किया जा सकता है।



