डिजिटल फ्रेट टूल्स से माल परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार
पीसीओएम सम्मेलन में परिचालन समन्वय और आधुनिक परिवहन व्यवस्था पर मंथन

लखनऊ, 25 अगस्त।
भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में जोनल रेलों के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधकों (PCOMs) के दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन माल परिचालन, डिजिटल तकनीक, परिचालन समन्वय और भविष्य की परिवहन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। सम्मेलन में रेल माल परिवहन को अधिक कुशल, प्रतिस्पर्धी और ग्राहक केंद्रित बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत रोड टैरिफ डैशबोर्ड और फ्रेट मैप विजुअलाइजेशन डैशबोर्ड के उद्घाटन से हुई। रेलवे बोर्ड के सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) डॉ. मनोज सिंह ने दोनों डैशबोर्ड का उद्घाटन किया। कार्यकारी निदेशक (व्यवसाय विकास) राकेश कुमार रौसन ने डिजिटल फ्रेट टूल्स पर प्रस्तुतीकरण दिया। इन टूल्स के जरिए माल परिवहन से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण, टैरिफ निर्धारण और फ्रेट नेटवर्क का बेहतर दृश्यांकन किया जा सकेगा।

इसके बाद विभिन्न जोनल रेलों के PCOMs ने परिचालन की प्रमुख पहलों और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा किया। DFCCIL, CONCOR और CRIS के प्रतिनिधियों ने माल परिवहन अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल सेवाओं पर प्रस्तुतीकरण दिए।

रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ यातायात अधिकारियों के साथ संवाद सत्र में परिचालन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। राहुल अग्रवाल, PEDTT(M), रेलवे बोर्ड ने समापन टिप्पणी दी। सम्मेलन का समापन ओपन फोरम के साथ हुआ, जिसमें अधिकारियों ने सुझाव साझा किए।



