मोबाइल पासपोर्ट वैन पहुंची इलाहाबाद हाईकोर्ट, 90 आवेदनों का हुआ निस्तारण
आवेदकों को परिसर में ही मिली दस्तावेज सत्यापन, बायोमेट्रिक और पासपोर्ट संबंधी सुविधाएं

प्रयागराज, 23 अगस्त
उत्तर प्रदेश में पासपोर्ट सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ की ओर से संचालित मोबाइल पासपोर्ट सेवा वैन को उच्च न्यायालय, इलाहाबाद परिसर में उपलब्ध कराया गया। 21 और 22 अगस्त 2026 को आयोजित विशेष शिविर में करीब 90 पासपोर्ट आवेदनों का निस्तारण किया गया।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने बताया कि शिविर के दौरान आवेदकों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के साथ दस्तावेजों का सत्यापन, बायोमेट्रिक और अन्य पासपोर्ट संबंधी प्रक्रियाएं परिसर में ही पूरी की गईं। इससे आवेदकों को पासपोर्ट सेवा केंद्र तक जाने के लिए अतिरिक्त समय और संसाधन खर्च नहीं करने पड़े।

आरपीओ ने बताया कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ की ओर से इससे पहले महोबा, चित्रकूट, बस्ती और चंदौली समेत विभिन्न जनपदों में भी मोबाइल पासपोर्ट वैन के माध्यम से विशेष शिविर लगाए जा चुके हैं। आईआईटी कानपुर में भी ऐसे शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में आवेदकों को लाभ मिला।

पासपोर्ट कार्यालय का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों और विभिन्न संस्थानों तक पासपोर्ट सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। भविष्य में भी मांग और आवश्यकता के अनुरूप शैक्षणिक परिसरों, संस्थानों और दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल वैन के जरिए सरल, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।



