57 आईआरएमएस ट्रैफिक अधिकारी प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय रेल की सेवा में होंगे शामिल
आईआरआईटीएम में दीक्षांत समारोह, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मिले सम्मान

लखनऊ, 19 अगस्त।
रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ में 20 अगस्त 2026 को आईआरएमएस (ट्रैफिक) परिवीक्षाधीन अधिकारियों के प्रशिक्षण समापन पर विदाई एवं दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 57 अधिकारी अब भारतीय रेल में अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे। समारोह के दौरान उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और पेशेवर कार्यशैली के साथ रेल सेवा करने का संकल्प दोहराया।

समारोह में आईआरआईटीएम के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर के आगमन के बाद दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना हुई। इसके पश्चात डीन शिशिर सोमवंशी ने अधिकारी प्रशिक्षुओं को संस्थान की शपथ दिलाई। पाठ्यक्रम निदेशक पी.पी. लाठे ने प्रशिक्षण अवधि की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम के प्रमुख पक्षों और प्रशिक्षुओं के अनुभवों की जानकारी दी।

अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें संबोधित किया। महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर ने भी प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करते हुए भारतीय रेल में उनके आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं तथा सफल करियर की कामना की।

समारोह में प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। डॉ. आकांक्षा झा को महानिदेशक का सर्वश्रेष्ठ आईआरएमएस परिवीक्षाधीन प्रशिक्षु पुरस्कार प्रदान किया गया। उत्कर्ष त्रिपाठी को एस्प्रीट डी कॉर्प्स यानी दल भावना तथा अभय दीप सिंह को सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आकांक्षा गुप्ता और राजेश कुमार तथा खेलकूद में पूर्णिमा सूदेन और भारत पाल सिंह को सर्वश्रेष्ठ अधिकारी प्रशिक्षु पुरस्कार मिला।

कार्यक्रम में आईआरआईटीएम ध्वज का हस्तांतरण भी हुआ। यह संस्थान की परंपराओं, मूल्यों और विरासत को नए बैच तक पहुंचाने का प्रतीक है। समारोह में आईआरआईटीएम के संकाय सदस्य और अधिकारी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।



