माइंडबेंज ओलंपियाड में मेधावी छात्रों का सम्मान, शिक्षा के साथ संस्कार पर जोर
पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्राइज मनी, मेडल से किया सम्मानित

गाजियाबाद, 17 अप्रैल 2026।
भरत राम ग्लोबल स्कूल, गाजियाबाद में माइंडबेंज ओलंपियाड के तत्वावधान में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं सुल्तानपुर सदर के विधायक विनोद सिंह उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विनोद सिंह ने ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्राइज मनी, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और धर्मग्रंथों से जोड़ना आवश्यक है। इससे वे एक सशक्त और संस्कारित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।

उन्होंने सभी विद्यालयों से आह्वान किया कि वे माइंडबेंज के संस्कृत एवं वैदिक वैल्यूज प्रोग्राम को अपने पाठ्यक्रम में शामिल करें, ताकि बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।

कार्यक्रम में माइंडबेंज के निदेशक प्रोफेसर एस. डी. शर्मा और डॉ. मीनू अरोरा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था बच्चों को भारतीय संस्कृति और धर्मग्रंथों से जोड़कर उन्हें जिम्मेदार और सफल नागरिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

समारोह के अंत में विद्यालय के प्राचार्य रविन पांडेय ने स्कूल चेयरमैन एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया और अगले वर्ष भी इस कार्यक्रम के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में दीपाली पॉल, उमा गोयल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिससे समारोह और भी गरिमामय हो उठा।



