लिटिल अमय राजेंद्र बने लखनऊ जिला शतरंज चैंपियन
अंडर-13 वर्ग में शानदार प्रदर्शन, 4.5 अंकों के साथ हासिल किया खिताब

लखनऊ, 12 अप्रैल 2026
लखनऊ जिला शतरंज चैंपियनशिप 2026 के अंडर-13 वर्ग के मुकाबले कॉर्नल एस.एन. मिश्रा ओबीई मेमोरियल स्कूल, साउथ सिटी में आयोजित हुए। प्रतियोगिता में 13 अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें नवोदित खिलाड़ी अमय राजेंद्र (रेटिंग 1411) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

अमय ने शुरुआती चारों मुकाबले जीतकर बढ़त बनाई और अंतिम राउंड में भार्गव पोरवाल के खिलाफ मुकाबला ड्रा कर कुल 4.5 अंक हासिल किए। सक्षम श्रीवास्तव 4 अंकों के साथ दूसरे और पार्थ गुप्ता 3.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

विजेता खिलाड़ी 4 से 7 मई तक सीतापुर में होने वाली राज्य चैंपियनशिप में लखनऊ का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन अवसर पर डायरेक्टर प्रीति शुक्ला ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।



