लखनऊ जिला शतरंज आयु वर्ग चैंपियनशिप 2026–27 का आगाज, अंडर-7 और अंडर-15 में उभरे नए सितारे
कर्नल एस.एन. मिश्रा OBE मेमोरियल स्कूल में प्रतियोगिता की शुरुआत, विजेताओं को किया गया सम्मानित

लखनऊ, 09 अप्रैल 2026
लखनऊ जिला शतरंज आयु वर्ग चैंपियनशिप 2026–27 का शुभारंभ अंडर-7 एवं अंडर-15 वर्ग के मुकाबलों के साथ साउथ सिटी के एफ ब्लॉक स्थित कर्नल एस.एन. मिश्रा OBE मेमोरियल स्कूल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन के.के.वी. कॉलेज की प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ मिश्रा ने बोर्ड पर पहली चाल चलकर किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-7 गर्ल्स वर्ग में आर्ना श्रीवास्तव ने 4 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि जीविका सिंह 2.5 अंकों के साथ दूसरे और नाव्या निगम 1.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

अंडर-7 ओपन वर्ग में अविराज गनेरीवाला ने 3 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। अगस्त्य गुप्ता और रेयांश श्रीवास्तव ने समान 2.5-2.5 अंक अर्जित किए, लेकिन टाई-ब्रेक के आधार पर अगस्त्य को दूसरा और रेयांश को तीसरा स्थान मिला।

अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में शिवांगी विजेता रहीं, जबकि कृतिका बाजपेई ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-15 ओपन वर्ग में लक्ष्य निगम ने 4.5 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। अंशुमान गुप्ता 4 अंकों के साथ दूसरे और नक्षत्र 3.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

समापन पर स्कूल की डायरेक्टर प्रीति शुक्ला ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में उभरती प्रतिभाओं के प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया।



