उत्तर प्रदेशदेश-विदेश
आउटसोर्स निगम में शामिल करने की मांग को लेकर विद्युत संविदा कर्मियों का आंदोलन तेज, कार्य बहिष्कार का ऐलान
21 अप्रैल को सत्याग्रह और 7 मई को एकदिवसीय कार्य बहिष्कार, मांगें न मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

लखनऊ, 06 अप्रैल 2026।
विद्युत संविदा कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश ने संविदा कर्मियों को आउटसोर्स निगम में शामिल करने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इस संबंध में नरही स्थित केंद्रीय कार्यालय में महासंघ के अध्यक्ष आर.एस. राय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न घटक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
महासंघ के मीडिया प्रभारी एवं विद्युत मज़दूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विमल चंद्र पांडेय ने बताया कि बैठक में ऊर्जा निगमों में कार्यरत करीब 78 हजार संविदा कर्मियों को राज्य सरकार द्वारा गठित आउटसोर्स निगम में शामिल करने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया। महासंघ ने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को नोटिस देकर सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और सेवा स्थिरता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

महासंघ के प्रभारी पुनीत राय ने कहा कि आउटसोर्स निगम से बाहर रहने पर संविदा कर्मी सीधे वेतन भुगतान और ईपीएफ जैसी सुविधाओं से वंचित रह जाएंगे तथा ठेकेदारों द्वारा शोषण जारी रहेगा।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 21 अप्रैल को सभी जनपदों में एकदिवसीय सत्याग्रह और 7 मई को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।



