लखनऊ एयरपोर्ट पर धूमधाम से मनाया गया एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का 31वां स्थापना दिवस
प्रभारी अधिकारी सीएनएस और मानव संसाधन ए ए अंसारी ने कर्मियों के प्रति व्यक्त किया आभार

लखनऊ, 01 अप्रैल 2026
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 31वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन बुधवार को एटीएस कॉम्प्लेक्स, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, लखनऊ में धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य आमंत्रित अतिथि शामिल हुए।

मुख्य अतिथि आर.एस. त्रिपाठी ने कर्तव्यों और दायित्वों पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भारतेन्दु नाट्य अकादमी के चेयरमैन आर.एस. त्रिपाठी ने एएआई की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने अपने संबोधन में एएआई की अब तक की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हवाई अड्डों का सुरक्षित और सुगम संचालन केवल तकनीकी नहीं, बल्कि एक बड़ा मानवीय दायित्व भी है। उन्होंने भविष्य में यात्रियों को और भी बेहतर और अत्याधुनिक सेवाएं प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उपलब्धियों का प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की अब तक की विकास यात्रा, बुनियादी ढांचे के विस्तार और आगामी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दी गई।
आयोजन का विशेष आकर्षण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिसमें एएआई परिवार के सदस्यों और आमंत्रित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। इन कार्यक्रमों ने स्थापना दिवस के जश्न में चार चांद लगा दिए और उपस्थित लोगों ने इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।

सफल संचालन और अधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी अधिकारी सीएनएस और मानव संसाधन अनवर अहमद अंसारी ने किया। इस अवसर पर एएआई के प्रभारी अधिकारी आर. कमल किशोर सहित कई विभागों के इंचार्ज, एएआई परिवार के सदस्य और विभिन्न एयरलाइंस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सभी ने एक स्वर में एएआई को भविष्य की ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में ए ए अंसारी ने एयरपोर्ट के विकास में योगदान देने वाले कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



