लखनऊ मंडल में कार्मिक कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध पदोन्नति व कर्मचारी संतुष्टि पर जोर
1540 कर्मचारियों को पदोन्नति, 382 को एमएसीपी लाभ

लखनऊ, 27 मार्च।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने लखनऊ मंडल में समीक्षा बैठक कर कार्मिक प्रबंधन, पदोन्नति, एमएसीपी और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने समयबद्ध कार्य निष्पादन और सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने पर विशेष बल दिया।
रेलवे बोर्ड के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा मंडल में कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में गंगोत्री सभागार, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू , वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव सहित मंडल के सभी शाखाधिकारी उपस्थित रहे।

DRM गौरव अग्रवाल ने की कार्मिक विभाग के कार्यों की सराहना
पूर्वोत्तर रेलवे के जन संपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी का स्वागत करते हुए लखनऊ मंडल में कार्मिक विभाग के कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति से उत्पन्न रिक्तियों के सापेक्ष उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान करने की पहल प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने में सहायक सिद्ध हो रही है।

पूर्वोत्तर रेलवे सभी जोनों में समयबद्ध पदोन्नति के मामले में अग्रणी-मनोज कुमार
अपने संबोधन में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे सभी जोनों में समयबद्ध पदोन्नति के मामले में अग्रणी है। संरक्षा कोटि के सभी प्रमोशन रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने कर्मचारी हितों, पदोन्नति, एमएसीपी, रिक्त पदों, प्रशिक्षण, सेवा अभिलेखों के डिजिटलीकरण एवं अनुशासनात्मक मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि “कर्मचारी संतुष्टि ही संगठन की कार्यक्षमता का आधार है” और सभी चयन प्रक्रियाएं जून माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही डेटा विश्लेषण आधारित कार्य प्रणाली, समयबद्ध निष्पादन, त्वरित समस्या समाधान एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने पर बल दिया।

Sr DPO राहुल यादव ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से दी जानकारी
बैठक में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 99 श्रेणियों में 1540 कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा चुकी है तथा 382 कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ मिला है। नवंबर 2025 से अब तक 41 कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति आदेश भी जारी किए गए हैं।
GM
PCPO ने हित निरीक्षकों से किया संवाद
बैठक से पूर्व प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने मंडल कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं हित निरीक्षकों से संवाद किया तथा कर्मचारी यूनियनों/एसोसिएशनों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर सुझाव प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने बादशाहनगर कॉलोनी स्थित मनोरंजन संस्थान का निरीक्षण कर रेल कर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की और मण्डलीय चिकित्सालय में भर्ती रोगियों को फल वितरित किए। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव ने किया।



