डीआरएम का लखनऊ–कानपुर गंगा ब्रिज व उन्नाव–रायबरेली रेलखंड का सघन निरीक्षण,यात्री सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
DRM सुनील कुमार वर्मा ने की पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

लखनऊ, 28 मार्च
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने शनिवार को लखनऊ–कानपुर गंगा ब्रिज तथा उन्नाव–रायबरेली रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण कर संरक्षा, विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों के विकास पर जोर
उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने मानक नगर रेलवे स्टेशन का दौरा कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयसीमा का आकलन करते हुए निर्देश दिया कि यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पेयजल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन को प्राथमिकता दी जाए।

हरौनी व गंगा ब्रिज क्षेत्र में कार्यों की समीक्षा
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि हरौनी स्टेशन पर निर्माणाधीन रेल ओवर ब्रिज (ROB) का निरीक्षण कर कार्य की गति और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। वहीं कानपुर पुल बायां किनारा स्टेशन पर मीडिया से बातचीत करते हुए डीआरएम ने गंगा पुल पर रेल लाइन में नए स्लीपर लगाए जाने की तैयारियों की जानकारी दी। साथ ही ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और स्टेशन मास्टर कक्ष का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

उन्नाव सहित कई स्टेशनों पर सुविधाओं का जायजा
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि उन्नाव स्टेशन पर डीआरएम ने स्वच्छता, प्लेटफॉर्म, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, पार्किंग और सूचना प्रणाली का निरीक्षण किया। इस दौरान दैनिक यात्री संघ के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपा, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा बीघापुर, तकिया, लालगंज और डलमऊ स्टेशनों का भी निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

सुरक्षा मानकों व यात्री सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि डलमऊ स्टेशन पर नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यापार मंडल के सदस्यों से संवाद किया गया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। वहीं लालगंज–डलमऊ के बीच लेवल क्रॉसिंग संख्या 63-सी पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर कड़े निर्देश दिए गए। डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि लखनऊ मंडल में संरक्षा, यात्री सुविधा और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरे किए जाएंगे। इस दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों की प्रगति से डीआरएम को अवगत कराया।



