उत्तर प्रदेशदेश-विदेश
जम्मू-कश्मीर मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने किया आरडीएसओ का दौरा, अत्याधुनिक तकनीकों और शोध कार्यों की मिली जानकारी
भारतीय रेलवे को सुरक्षित और आधुनिक बनाने में आरडीएसओ की अहम भूमिका -डीजी

लखनऊ, 27 मार्च।
भारत सरकार के ‘डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इन्फॉर्मेशन डिसेमिनेशन’ (डी.सी.आई.डी.) कार्यक्रम के तहत 27 मार्च 2026 को जम्मू-कश्मीर के विभिन्न मीडिया संस्थानों से आए प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पत्र सूचना कार्यालय (PIB), लखनऊ के अधिकारियों के साथ अनुसंधान डिजाइन एवं मानक संगठन (आरडीएसओ), लखनऊ का दौरा किया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आरडीएसओ की विभिन्न अत्याधुनिक परीक्षण प्रयोगशालाओं और अनुसंधान सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने भारतीय रेलवे को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और कुशल बनाने के लिए अपनाई जा रही नई तकनीकों, नवाचारों और अनुसंधान कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। दौरे के दौरान आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभास दनसाना, एडीजी काज़ी मेराज एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित किया।

आरडीएसओ भारतीय रेलवे का एक महत्वपूर्ण और अभिन्न अंग- डीजी
महानिदेशक प्रभास दनसाना ने अपने संबोधन में कहा कि आरडीएसओ भारतीय रेलवे का एक महत्वपूर्ण और अभिन्न अंग है, जो नवीनतम तकनीकों, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से रेलवे को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और आधुनिक बनाने में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली, तकनीकी योगदान और रेलवे के विकास में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतिनिधिमंडल द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों के जवाब भी अधिकारियों ने विस्तार से दिए।
भारतीय रेलवे के तकनीकी सुदृढ़ीकरण में आरडीएसओ की भूमिका
यह दौरा मीडिया प्रतिनिधियों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा, जिससे उन्हें भारतीय रेलवे के तकनीकी सुदृढ़ीकरण में आरडीएसओ की भूमिका को करीब से समझने का अवसर मिला। साथ ही, इस पहल के माध्यम से सरकार की विकास संबंधी योजनाओं और तकनीकी प्रगति को जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।



