उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

हंडिया (प्रयागराज) में तीन दिवसीय मोबाइल पासपोर्ट वैन शिविर का शुभारंभ, ग्रामीणों को घर के पास मिलेगी सुविधा

www.passportindia.gov.in पर जाकर “VAN-1” केंद्र का चयन करते हुए बुक कर सकते हैं अपॉइंटमेंट

प्रयागराज/लखनऊ, 24 मार्च 2026:
आम नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएँ अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा मोबाइल पासपोर्ट वैन पहल के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रयागराज जनपद के हंडिया स्थित उप डाकघर में तीन दिवसीय मोबाइल पासपोर्ट वैन शिविर का शुभारंभ किया गया है। यह शिविर 30 मार्च से 01 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को उनके ही क्षेत्र में पासपोर्ट आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें शहरों के पासपोर्ट सेवा केंद्रों तक जाने की आवश्यकता न पड़े। इससे न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को पासपोर्ट सेवाओं से जोड़ा जा सकेगा।

उप डाकघर, हंडिया में आयोजित इस विशेष शिविर में प्रतिदिन 50 सामान्य अपॉइंटमेंट निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक आधिकारिक पोर्टल www.passportindia.gov.in
पर जाकर “VAN-1” केंद्र का चयन करते हुए अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। निर्धारित तिथि पर आवेदक अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उप डाकघर, हंडिया में स्थापित VAN-1 केंद्र पर पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

गौरतलब है कि मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा की शुरुआत महोबा जनपद से की गई थी, जिसके बाद यह सुविधा चित्रकूट, बस्ती, चंदौली और सोरांव जैसे विभिन्न स्थानों पर सफलतापूर्वक संचालित की जा चुकी है। इन शिविरों को आम जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, जिससे इस पहल को और विस्तार देने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने स्पष्ट किया है कि वह नागरिकों को सहज, प्रभावी और समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मोबाइल पासपोर्ट वैन जैसी पहलें इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, जो सरकारी सेवाओं को लोगों के दरवाजे तक पहुंचाने की सोच को साकार कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button