लखनऊ में 39 युवा बने “सड़क सुरक्षा मित्र”, ट्रांसपोर्ट नगर में हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
माई भारत पोर्टल से नामित युवा स्वयंसेवकों को दिया गया सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का प्रशिक्षण

लखनऊ, 23 मार्च।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा संचालित सड़क सुरक्षा मित्र योजना के तहत सोमवार को राजधानी लखनऊ में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित फिटनेस केंद्र (आईएनसी सेंटर) में आयोजित इस कार्यक्रम में माई भारत पोर्टल के माध्यम से नामित 39 युवा स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का प्रशिक्षण दिया गया।

RTO (प्रवर्तन) प्रभात पाण्डेय ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रभात पाण्डेय ने की। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) राधा रमण सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आलोक कुमार यादव, यात्री/मालकर अधिकारी एसपी देव, आभा त्रिपाठी, अनीता वर्मा, मोटर यान निरीक्षक विष्णु कुमार तथा हीरो मोटोकॉर्प ट्रैफिक पार्क के सीएसआर प्रबंधक सुमित मिश्रा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

“सड़क सुरक्षा मित्र” भविष्य में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के साथ मिलकर चलाएंगे जागरूकता अभियान
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने युवाओं को सड़क सुरक्षा के नियम, यातायात प्रबंधन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह बताया गया कि ये “सड़क सुरक्षा मित्र” भविष्य में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाएंगे और जरूरत पड़ने पर यातायात नियंत्रण में भी सहयोग करेंगे।

39 स्वयंसेवकों को वितरित की गई सड़क सुरक्षा किट
कार्यक्रम के अंत में सभी 39 स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा किट वितरित की गई। यह पहल युवाओं की भागीदारी से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



